सुखनंदन, टीकम, महादेव व शिवम सेमीफाइनल में
0 रायपुर प्रेस क्लब
रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई-2 (इंडोर गेम) के तहत आयोजित स्व. योगेश यदु स्मृति शतरंज प्रतियोगिता अब निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है। रविवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में सुखनंदन बंजारे, टीकम वर्मा, महादेव तिवारी और शिवम दुबे ने अपने-अपने मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सुखनंदन बंजारे ने कुलदीप शुक्ला को पराजित किया। मैच की शुरुआत सावधानीपूर्वक हुई, लेकिन खेल के मध्य में सुखनंदन ने आक्रामक रणनीति अपनाते हुए बढ़त बना ली। कुलदीप ने मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन एंडगेम में सुखनंदन की सटीक चालों ने उन्हें जीत दिला दी।
दूसरे मुकाबले में टीकम वर्मा और अमृतेश्वर सिंह आमने-सामने थे। दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। लंबे समय तक मैच संतुलित रहा, लेकिन निर्णायक क्षण में टीकम वर्मा ने एक प्रभावी संयोजन के जरिए बढ़त हासिल की और अंततः जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
तीसरे मुकाबले में महादेव तिवारी ने विकास शर्मा को हराया। महादेव ने पूरे मैच के दौरान धैर्य और रणनीतिक समझ का परिचय दिया। मध्य खेल में मिली बढ़त को उन्होंने अंत तक बनाए रखा और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
चौथे क्वार्टर फाइनल में शिवम दुबे ने बमलेश्वर सोनवानी को पराजित किया। यह मैच काफी रोमांचक रहा, जिसमें दोनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाया। हालांकि निर्णायक समय पर शिवम ने सटीक चाल चलते हुए मैच जीत लिया। निर्णायक विजय मिश्रा व विनय घाटगे रहे।
आज के मैच
दोनों सेमीफाइनल 13 अप्रैल को दोपहर 1 बजे से खेले जाएंगे।
- पहला सेमीफाइनल टीकम वर्मा/महादेव तिवारी के बीच।
- दूसरा सेमीफाननल सुखनंदन बंजारे/शिवम दुबे के बीच।
टेटे युगल में हितेश-लक्ष्मण और विजय-विनोद सेमीफाइनल में
रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई-2 के तहत आयोजित स्व. सत्येन्द्र गुमाश्ता स्मृति टेबल टेनिस युगल प्रतियोगिता के पहले क्वार्टर फाइनल हितेश मेहता व लक्ष्मण लेखवानी की जोड़ी ने शानदार तालमेल का प्रदर्शन करते हुए राजेश सोनकर व पंकज सिंह की जोड़ी को 2-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
मुकाबले की शुरुआत से ही हितेश और लक्ष्मण ने आक्रामक रणनीति अपनाई। उनकी सटीक सर्विस, तेज रिटर्न और बेहतर समन्वय ने विरोधी टीम को दबाव में बनाए रखा। पहले सेट में उन्होंने बढ़त बनाते हुए निर्णायक जीत दर्ज की। हितेश-लक्ष्मण ने दूसरे सेट में भी आसानी से जीत हासिल कर अंतिम चार में जगह बना ली।
वहीं दूसरे क्वार्टर फाइनल में विजय मिश्रा और विनोद कुमार की जोड़ी को वॉकओवर मिलने से बिना मुकाबला खेले ही सेमीफाइनल में प्रवेश मिल गया। निर्णायक विजय मिश्रा और विनोद कुमार रहे।
आज के मैच
13 अप्रैल को सभी मैच दोपहर 1 बजे से खेले जाएंगे।
- नारायण भोई-नरेंद्र बंगाले/कौशल तिवारी-विकास शर्मा के बीच।
- चंदन साहू-सुशील अग्रवाल/राकेश पांडेय-निकष परमार के बीच।