कल्याण ज्वेलर्स, पंडरी में डकैती की साजिश नाकाम, 3 आरोपी गिरफ्तार, 2 फरार
रायपुर राजधानी रायपुर में पुलिस ने बड़ी वारदात होने से पहले ही उसे विफल कर दिया। पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की योजना बना रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में राजधानी में लगातार प्रोएक्टिव पुलिसिंग के तहत संदिग्ध व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना गुढ़ियारी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नया रोड के पास संदिग्ध अवस्था में मौजूद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, 2,500 रुपये नकद तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में रात के समय डकैती डालने की योजना बना रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि योजना के तहत 1 अप्रैल 2026 को एक आरोपी ने कल्याण ज्वेलर्स की रेकी की थी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, आसपास का क्षेत्र और वारदात को अंजाम देने की संभावनाओं का बारीकी से अध्ययन किया गया था। फरार दोनों आरोपी मोबाइल के माध्यम से लगातार संपर्क में रहकर रेकी की तस्वीरें साझा कर रहे थे और पूरी योजना तैयार कर रहे थे।
इस मामले में थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 321/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4) (डकैती का प्रयास) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
इस डकैती की योजना को समय रहते नाकाम करने में डीसीपी उत्तर दीपमाला कश्यप, एडीसीपी आदित्य पांडेय एवं एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राजधानी में बड़ी डकैती के पहले दबोचे गये डकैत…