Headlines

कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) के युवा संगठन यंग इंडियंस (Yi) रायपुर की ओर से राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन ‘युवा उत्सव’

रायपुर में 16-17 सितंबर को होगा ‘युवा उत्सव 5.0’, 2,200 युवा लेंगे हिस्सा
CII यंग इंडियंस ने ‘द नेक्स्ट मूव’ थीम के साथ ‘फ्यूचर 6.0’ विजन का किया अनावरण

रायपुर। कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) के युवा संगठन यंग इंडियंस (Yi) रायपुर की ओर से राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन ‘युवा उत्सव 5.0’ का आयोजन 16 और 17 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल ऑडिटोरियम, रायपुर में किया जाएगा। आयोजन को लेकर सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम की रूपरेखा और ‘फ्यूचर 6.0’ विजन का अनावरण किया गया।
दो दिवसीय इस युवा सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि और उपमुख्यमंत्री अरुण साव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में CII के वरिष्ठ पदाधिकारी, विश्वविद्यालयों के कुलपति, शिक्षाविद और प्रमुख उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
17 शिक्षण संस्थानों के 2,200 विद्यार्थी होंगे शामिल
‘द नेक्स्ट मूव’ थीम पर आयोजित युवा उत्सव का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, नवाचार, उद्यमिता और तकनीकी दक्षता को बढ़ावा देना है। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन में प्रदेश के 17 प्रमुख शिक्षण संस्थानों के 2,000 से 2,200 विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। इनमें ITM यूनिवर्सिटी, कलिंगा यूनिवर्सिटी, एमिटी यूनिवर्सिटी, श्री शंकराचार्य टेक्निकल कैंपस, रूंगटा कॉलेज, MATS यूनिवर्सिटी, अंजनेया यूनिवर्सिटी, कोलंबिया कॉलेज, MAIC, दिशा कॉलेज, श्री रावतपुरा सरकार यूनिवर्सिटी, AAFT, दावड़ा यूनिवर्सिटी, NIT रायपुर और IIM रायपुर सहित अन्य संस्थान शामिल हैं।
विशेषज्ञ युवाओं को देंगे मार्गदर्शन
सम्मेलन में माइंडसेट कोच, मोटिवेशनल स्पीकर और लेखक राहुल कपूर मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय विशेषज्ञ पैनल में D2C के संस्थापक अर्जुन वैद्य, Zoxode के सह-संस्थापक कुशल अग्रवाल और Indo Era की CEO सृष्टि तंवानी शामिल होंगी।
क्षेत्रीय उद्योग पैनल में ऐश्वर्या गोयल, अभिनव जैन, अभिषेक जायसवाल और विकास गोयल जैसे कारोबारी एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि युवाओं से संवाद करेंगे। वहीं केरल के 17 वर्षीय AI ट्रेनर राउल जॉन अजू आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर विशेष तकनीकी सत्र लेंगे।
वित्तीय साक्षरता से लेकर AI और सोशल मीडिया तक वर्कशॉप
युवा उत्सव में व्यावहारिक कौशल विकास पर विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत पांच विशेष कार्यशालाएं आयोजित होंगी। इनमें प्रांजल कामरा वित्तीय साक्षरता, अनुश्री और अंकुश AI एवं प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, नम्रता धारीवाल सोशल मीडिया ग्रोथ, मानव गुप्ता पब्लिक स्पीकिंग तथा श्रेयांश श्रीश्रीमल ‘Stop Clicking. Start Seeing’ विषय पर युवाओं को प्रशिक्षण देंगे।
कार्यक्रम स्थल पर प्रदेश के चयनित 10 स्टार्टअप्स के इनोवेशन मॉडल की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके अलावा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और लाइव म्यूजिकल बैंड कार्यक्रम को आकर्षण का केंद्र बनाएंगे।
‘फ्यूचर 6.0’ से वास्तविक समस्याओं के समाधान पर जोर
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनावरण किए गए ‘फ्यूचर 6.0’ विजन का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक, आर्थिक और नागरिक चुनौतियों के लिए व्यावहारिक एवं बड़े स्तर पर लागू किए जा सकने वाले समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम की जानकारी CII Young Indians (Yi) रायपुर के चेयर पंकज सोमानी, को-चेयर कवित पासारी, Yi Yuva वर्टिकल की चेयर प्रियंका ग्वालानी, को-चेयर आदित्य अग्रवाल और CII छत्तीसगढ़ सचिवालय के नजीश फरहान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *