रायपुर। राजधानी रायपुर के पत्रकारों को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस प्रेस क्लब की सौगात मिलने वाली है। राज्य शासन ने रायपुर प्रेस क्लब के जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण के लिए एक करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसके तहत भवन का कायाकल्प कर इसे आधुनिक मीडिया गतिविधियों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
गुरुवार को जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल और रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने प्रेस क्लब भवन का निरीक्षण कर प्रस्तावित निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान भवन की मौजूदा स्थिति का आकलन किया गया और वरिष्ठ पत्रकारों व प्रेस क्लब पदाधिकारियों से सुझाव लेकर विकास की रूपरेखा तैयार की गई।
प्रस्तावित योजना के अनुसार प्रेस क्लब में दो अत्याधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, लाइव डिस्कशन स्टूडियो, गेमिंग ज़ोन, लाउंज हॉल, जिम, आधुनिक इंटीरियर, बेहतर बैठक व्यवस्था, सुविधायुक्त शौचालय और आकर्षक लैंडस्केपिंग विकसित की जाएगी। इसका उद्देश्य पत्रकारों को आधुनिक, सुविधासंपन्न और पेशेवर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नगर निगम को निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त ने भी परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा कराने का भरोसा दिलाया।
रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि राजधानी की गरिमा के अनुरूप प्रेस क्लब को आधुनिक स्वरूप देना लंबे समय से प्राथमिकता रही है। उन्होंने राज्य शासन द्वारा स्वीकृत राशि को पत्रकार समुदाय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस परियोजना से प्रेस क्लब की कार्यक्षमता और सुविधाओं में बड़ा बदलाव हर्ष का विषय है।