Headlines

‘नारी रक्षा सम्मान निधि’ के नाम पर करोड़ों की कथित ठगी, सैकड़ों महिलाओं ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में ‘नारी रक्षा सम्मान निधि’ योजना के नाम पर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर स्व-सहायता समूहों से जुड़ी सैकड़ों महिलाओं से करोड़ों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। बड़ी संख्या में पीड़ित महिलाएं सारंगढ़ सिटी कोतवाली पहुंचीं और ग्वालिनडीह निवासी दिनेश बंजारे के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

योजना के नाम पर निवेश का लालच

पीड़ित महिलाओं के अनुसार, दिनेश बंजारे ने स्वयं को एक एनजीओ संचालक बताते हुए ‘नारी रक्षा सम्मान निधि’ नामक योजना का प्रचार किया। उसने दावा किया कि योजना में निवेश करने पर कुछ समय बाद जमा राशि दोगुनी होकर वापस मिलेगी। इस भरोसे में आकर कई महिलाओं ने अपनी वर्षों की जमा पूंजी के साथ-साथ माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से लिए गए ऋण की रकम भी उसके पास जमा कर दी।

निवेश के लिए गांव-गांव जाकर महिलाओं को जोड़ा

महिलाओं का आरोप है कि आरोपी गांव-गांव जाकर स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को योजना से जोड़ता था। वह महिलाओं को माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से ऋण दिलवाकर उसी राशि का निवेश कराने के लिए प्रेरित करता था। साथ ही, ऋण की किस्त स्वयं जमा करने और हर महीने अतिरिक्त लाभ देने का भरोसा भी देता था।

शुरुआत में किया भुगतान, बाद में बंद हुई रकम

शिकायत के अनुसार, शुरुआत में कुछ महिलाओं को तय लाभ और भुगतान दिया गया, जिससे लोगों का विश्वास बढ़ गया। इसके बाद धीरे-धीरे भुगतान पूरी तरह बंद हो गया। जब महिलाओं ने अपनी जमा राशि वापस मांगी तो उन्हें टालमटोल किया जाने लगा। आखिरकार सैकड़ों महिलाएं अपनी शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचीं।

आरोपी पहले से जेल में बंद दो करोड़ से अधिक का लें देन

पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिनेश बंजारे पहले से ही म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी से जुड़े एक मामले में न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद है। जांच के दौरान उसके बैंक खाते में करीब 2 करोड़ 71 लाख रुपये के लेन-देन का पता चला था। इस मामले में देश के विभिन्न राज्यों से 50 से अधिक शिकायतें दर्ज होने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था।

करोड़ों की ठगी की आशंका, जांच जारी

महिलाओं की नई शिकायतों के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, सैकड़ों महिलाओं से बड़ी रकम एकत्र की गई है और कथित ठगी का आंकड़ा करोड़ों रुपये तक पहुंच सकता है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद वास्तविक ठगी की राशि और प्रभावित लोगों की संख्या स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *