शिक्षा व्यवस्था पर एबीवीपी का हल्ला बोल, डीईओ को सौंपा 6 बिंदुओं का मांग पत्र
रायगढ़ ,रायगढ़ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का रुख किया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने 6 प्रमुख मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए सरकारी और निजी विद्यालयों की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। परिषद ने जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत, शिक्षकों के खाली पद भरने, स्कूल बसों की नियमित जांच, प्रवेश शुल्क में पारदर्शिता और निजी विद्यालयों में योग्य शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने की मांग की। संगठन ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो छात्रहित में आंदोलन तेज किया जाएगा । एबीवीपी के पदाधिकारियों ने कहा कि जिले के कई स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं का अभाव है। कहीं भवन जर्जर हैं तो कहीं शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। संगठन का कहना है कि इससे विद्यार्थियों की सुरक्षा और भविष्य दोनों पर असर पड़ रहा है,ज्ञापन में विद्यालयों की बसों की फिटनेस और दस्तावेजों की नियमित जांच, शासन के प्रार्थना संबंधी निर्देशों का पालन, सभी स्कूलों में प्रवेश एवं अन्य शुल्कों की सार्वजनिक जानकारी तथा निजी विद्यालयों में शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता की जांच कराने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं एबीवीपी ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा।