Headlines

महतारी सदन बना महिला स्व-सहायता समूहों का स्थायी केंद्र, बैठकों और आजीविका गतिविधियों को मिली नई गति

नवनिर्मित महतारी सदन बना महिला स्व-सहायता समूहों के सशक्तिकरण का माध्यम
रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले के केरसई में निर्मित महतारी सदन महिला स्व-सहायता समूहों के लिए सशक्तिकरण और सामुदायिक सहभागिता का प्रभावी केंद्र बनकर उभरा है। इस भवन ने महिलाओं को नियमित बैठकों, आजीविका गतिविधियों, प्रशिक्षण और सामाजिक कार्यक्रमों के संचालन के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक एवं स्थायी मंच उपलब्ध कराया है।
महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य श्रीमती बबीता गुप्ता ने बताया कि पहले समूह की बैठकों के लिए उपयुक्त स्थान नहीं होने से सदस्यों को काफी परेशानी होती थी। कभी किसी सदस्य के घर, तो कभी खुले मैदान या पेड़ के नीचे बैठक करनी पड़ती थी। बारिश और गर्मी के मौसम में बैठकों का नियमित संचालन प्रभावित होता था, जिससे समूह की गतिविधियों पर भी असर पड़ता था।
उन्होंने बताया कि महतारी सदन बनने के बाद अब सभी सदस्य नियमित रूप से एक ही स्थान पर बैठक कर रही हैं। यहां बचत, ऋण, आजीविका गतिविधियों, प्रशिक्षण तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर व्यवस्थित रूप से चर्चा होती है। इससे समूह का संचालन अधिक प्रभावी हुआ है और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी भी बढ़ी है।
श्रीमती बबीता गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में निर्मित महतारी सदन ने महिलाओं की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान किया है। अब बैठकों के लिए स्थान की चिंता समाप्त हो गई है और समूह की सभी गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी सदन महिलाओं के लिए केवल एक भवन नहीं, बल्कि संगठन, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण का मजबूत आधार बन गया है। यह केंद्र महिलाओं को संगठित होकर विकास की नई दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *