सिमगा में शिवनाथ नदी का पुराना पुल अगले आदेश तक बंद, नए पुल से जारी रहेगा आवागमन
बलौदाबाजार जिले के सिमगा में लगातार हो रही बारिश और शिवनाथ नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। सुरक्षा के मद्देनज़र एसडीएम सिमगा के आदेश पर शिवनाथ नदी के पुराने पुल को दोनों ओर बैरिकेड्स लगाकर अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुराने पुल पर आवागमन फिलहाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं राहत की बात यह है कि नदी पर बना नया पुल पूरी तरह चालू है और सभी प्रकार का आवागमन पहले की तरह जारी रहेगा। लोगों से केवल नए पुल का उपयोग करने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
एसडीएम द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने और अत्यधिक जलभराव की आशंका के चलते पुराने पुल पर आवाजाही करना जोखिमभरा हो सकता है। जनहित और लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे बैरिकेड्स हटाने या बंद किए गए पुल से गुजरने का प्रयास न करें। साथ ही मौसम और नदी के जलस्तर की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। परिस्थितियों के अनुसार आगे आवश्यक आदेश जारी किए जाएंगे।
सिमगा शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ा पुल पर आवागमन बंद