Headlines

डुमरतराई थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण, सरदार पटेल के नाम पर होगा परिसर..


रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के डुमरतराई में विकसित नवीन थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण किया। उन्होंने घोषणा की कि इस परिसर का नाम सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर रखा जाएगा तथा यहां उनकी 15 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक व्यापारिक अधोसंरचना से व्यापार, निवेश और रोजगार को बढ़ावा मिलता है। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर लगभग 36 एकड़ में विकसित इस परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था और आधुनिक व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के व्यापार को नई गति देगी।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ. पी. चौधरी ने कहा कि इस परियोजना से व्यापारियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और रायपुर की यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।
गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने इसे व्यापार, निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना बताया।
उल्लेखनीय है कि डुमरतराई थोक बाजार का विकास दो चरणों में हुआ है। पहले चरण में लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 दुकानें एवं हॉल बनाए गए, जबकि दूसरे चरण में लगभग 145 करोड़ रुपये की लागत से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *