रायपुर। प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। लो प्रेशर एरिया और साइक्लोनिक सर्क्युलेशन के प्रभाव से बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।

राजधानी में बादल, अभी मौसम शुष्क

राजधानी रायपुर में बादल छाए रहने की संभावना है। रविवार को प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चिन्हित निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण लगभग 5.8 किमी ऊंचाई तक फैला है। यह तंत्र पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले 48 घंटों में पुनः मुड़कर उत्तर-पूर्व दिशा की ओर बढ़ सकता है।
साथ ही एक द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र तक 0.9 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है।

 ठंड बढ़ने के आसार

23 फरवरी को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है, मुख्यतः बस्तर संभाग में। 24 फरवरी से न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो सकता है। अगले दो दिनों में पारा 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना जताई गई है। हालांकि अधिकतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *