Headlines

महिलाओं को प्राथमिकता देना भाजपा की नीति का हिस्सा है – लक्ष्मी वर्मा

लक्ष्मी वर्मा ने राज्यसभा सांसद उम्मीदवार बनाने पर केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का माना आभार

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा चुनाव के लिए घोषित प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा ने मंगलवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर पार्टी नेतृत्व के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। श्रीमती वर्मा ने इसे एक सामान्य कार्यकर्ता का सम्मान बताते हुए कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहाँ सामान्य परिवार की बेटी को देश के उच्च सदन तक पहुँचने का अवसर मिलता है।

भाजपा नेत्री व राज्यसभा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा ने अपनी उम्मीदवारी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। लक्ष्मी वर्मा ने विश्वास दिलाया कि राज्यसभा में वह छत्तीसगढ़ की आवाज़ को प्रमुखता से रखेंगीं और प्रदेश के हितों के लिए निरंतर कार्य करेंगीं। श्रीमती वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा नारी शक्ति को सबल बनाने के लिए संकल्पित रही है।महिलाओं को प्राथमिकता देना भाजपा की नीति का हिस्सा है और राजनीतिक नेतृत्व में महिलाओं की 50 फीसदी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में भाजपा ठोस कदम उठा रही है। उनकी उम्मीदवारी इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। पार्टी द्वारा दी गई इस नई जिम्मेदारी का निर्वहन वह पूरी ईमानदारी और तत्परता से करेंगीं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा के लिए श्रीमती वर्मा का नाम घोषित होने से छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। श्रीमती वर्मा ने एक जमीनी कार्यकर्ता, एक पार्षद, जिला पंचायत सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष, महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री, भाजपा की प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी का निर्वहन किया है और वर्तमान में राज्य महिला आयोग की सदस्य के रूप में अपनी जिम्मेदारी वहन कर रही है। उन्हें प्रशासनिक कार्य करने का अनुभव है, जनप्रतिनिधि के रूप में कार्य करने का अनुभव है, मीडिया में पार्टी के बातों को प्राथमिकता से रखती हैं। श्री साव ने राज्यसभा प्रत्याशी के तौर पर श्रीमती वर्मा के नाम की घोषणा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव का आभार व्यक्त किया।

प्रदेश के वन व सहकारिता मंत्री केदार कश्यप श्रीमती वर्मा को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर भाजपा के शीर्ष व प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए श्रीमती वर्मा को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। श्री कश्यप ने कहा कि श्रीमती वर्मा का चयन पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रतीक है। रायपुर के भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि श्रीमती वर्मा ने एक समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता के तौर पर संगठन और समाज, विशेषकर महिलाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया है। यह निर्णय ‘नारी सशक्तीकरण’ के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस दौरान राज्यसभा सांसद उम्मीदवार श्रीमती वर्मा का उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री डॉ नवीन मार्कंडेय ने स्वागत किया।इस मौके पर विधायक सुशांत शुक्ला, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ किरण बघेल, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, आईटी सेल प्रदेश संयोजक सुनील पिल्लई सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *