Headlines

विधानसभा में गूंजा रायपुर की 24×7 जलापूर्ति योजना का मुद्दा, अजय चंद्राकर ने सरकार से मांगा जवाब


रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान रायपुर की स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत प्रस्तावित 24×7 जलापूर्ति योजना का मुद्दा सदन में प्रमुखता से उठा। कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने योजना की प्रगति, विभिन्न मदों में खर्च हुई राशि और इसके क्रियान्वयन को लेकर सरकार से सवाल किए। इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सरकार का पक्ष रखा।
प्रश्नकाल के दौरान अजय चंद्राकर ने स्मार्ट सिटी, नगरोत्थान योजना और 15वें वित्त आयोग के तहत रायपुर की जलापूर्ति योजनाओं की जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि टेंडर स्वीकृत होने के बावजूद शहर के किसी भी वार्ड में अब तक 24×7 जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के माध्यम से जलापूर्ति की बात कही गई, जबकि रायपुर शहर के लिए विभाग की ऐसी कोई योजना नहीं है।
जवाब में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि 24×7 जलापूर्ति योजना रायपुर के 14 वार्डों के लिए तैयार की गई थी और इस पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत और जारी राशि के अनुसार निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।
अरुण साव ने सदन को यह भी बताया कि रायपुर में पहले जल आवर्धन योजना संचालित थी, जिसके तहत शहर में जलापूर्ति का कार्य लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा किया जाता था। सरकार ने भरोसा दिलाया कि जलापूर्ति परियोजना को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *