Headlines

कांग्रेस के कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाना हास्यास्पद : भाजपा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने बैज के कानून-व्यवस्था संबंधी बयान पर पलटवार

रायपुर,भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के कानून-व्यवस्था संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि जिस कांग्रेस ने अपने शासनकाल में प्रदेश को अपराध, माफियाराज और भ्रष्टाचार की ओर धकेला, उसे कानून-व्यवस्था पर टिप्पणी करने का नैतिक अधिकार नहीं है।
डॉ. मिश्रा ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार के दौरान अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिला और प्रदेश में शराब माफिया, सट्टा-जुआ तथा नशे के अवैध कारोबार को बढ़ावा मिला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में पुलिस प्रशासन का राजनीतिकरण किया गया और उसका उपयोग विरोधियों को निशाना बनाने तथा अवैध गतिविधियों को संरक्षण देने के लिए किया गया।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस आज जिस कानून-व्यवस्था और नशे के कारोबार को लेकर सवाल उठा रही है, उसकी जड़ें उसी के शासनकाल में पड़ी थीं। उन्होंने कांग्रेस पर “राजनीति का अपराधीकरण और अपराधियों का कांग्रेसीकरण” करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता इस तथ्य से भली-भांति परिचित है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कानून अपने हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को, चाहे उसका राजनीतिक प्रभाव कितना भी हो, बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं से आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करने के बजाय अपने शासनकाल की कार्यप्रणाली पर आत्ममंथन करने की सलाह देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता सब कुछ देख और समझ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *